तुष्टीकरण की राजनीतिक बंगाल के लोगों को दुर्गा पूजा से रोकती है: मोदी
हुगली
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का गढ़ भेदने के लिए भारतीय जनता पार्टी जी जान से लगी है। सोमवार को हुगली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया और ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि यही राजनीति बंगाल के लोगों को दुर्गा पूजा करने से रोकती है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति का अपमान करने वाले को बंगाल के लोग कभी माफ नहीं करेंगे।
पीएम ने कहा कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद हर कोई अपनी संस्कृति का गौररवगान कर सकेगा। मोदी ने कहा, 'पश्चिम बंगाल में जितनी भी सरकारें रहीं, उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षेत्र को अपने ही हाल में छोड़ दिया और यहां की धरोहर को बेहाल होने दिया। वंदे मातरम भवन जहां बंकिमचंद जी 5 साल रहे, कहते हैं वो तो बहुत बुरे हाल में है। यह बंगाल के गौरव के साथ बहुत बड़ा अन्याय है।' मोदी ने कहा कि इस अन्याय के पीछे बहुत बड़ी राजनीति है और ये वो राजनीति है जो देशभक्ति के बजाय वोट बैंक, सबका विकास के बजाय तुष्टीकरण को बल देती है।
पीएम ने कहा कि (तुष्टीकरण की) यही राजनीति, बंगाल में लोगों को मां दुर्गा की पूजा से रोकती है, उनके विसर्जन से रोकती है। बंगाल के लोग वोटबैंक की राजनीति के लिए अपनी संस्कृति का अपमान करने वाले ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेंगे। पीएम ने लोगों को आश्वस्त किया कि अगर बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी तो हर बंगाल वासी अपनी संस्कृति का गौरवगान कर सकेगा। कोई भी उसे डरा या दबा नहीं पाएगा।

पाठको की राय